![](https://livebihar.in/wp-content/uploads/2024/12/manmohan-singh-1.jpg)
लाइव बिहार
रांची /डेस्क : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन से बिहार में शोक की लहर है। पूर्व पीएम के निधन पर सीएम नीतीश कुमार,राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद , भाजपा नेता व बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे सहित अन्य कई नेताओं द्वारा श्रद्धांजली दी गई। सीएम नीतीश कुमार ने दुख प्रकट करते हुए एक्स पर लिखा है…
डॉ मनमोहन सिंह जी की निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है – नीतीश कुमार
देश के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताते हुए सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा है, देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी का निधन दुःखद है। वे एक कुशल राजनेता एवं अर्थशास्त्री थे। उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली। डॉ मनमोहन सिंह जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चीर शांति के लिए प्रार्थना है।
आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार थे मनमोहन सिंह – लालू प्रसाद यादव
राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम लालू यादव ने डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। ऑर एक्स पर पोस्ट लिखते हुए कहा है कि आदरणीय पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन का दुखद समाचार सुना। सरदार मनमोहन सिंह जी ईमानदारी, सादगी, सज्जनता, सरलता, विनम्रता , बुद्धिमता व दूरदर्शिता की प्रतिमूर्ति थे। आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार सरदार मनमोहन सिंह ने आधुनिक वस्वावलंबी भारत की नींव रखी। उनका जाना एक व्यक्तिगत क्षति है। उनका प्रचुर स्नेह मुझे मिलता रहा। ऐसे विनम्र विशाल व्यक्ति के साथ काम करना मेरा सौभाग्य था। 𝟐𝟎𝟎𝟒 से 𝟐𝟎𝟏𝟒 के बीच उन्होंने बिहार और भारत को बेहतरीन एवं फलदायक वर्ष अथवा यूं कहे कि स्वर्णिम दशक दिया। यूपीए गठबंधन में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी राजद के नेता तथा कैबिनेट सहयोगी रेल मंत्री के रूप में हमारी सकारात्मक पहल एवं आग्रह पर उन्होंने 𝟐𝟎𝟎𝟒 से 𝟐𝟎𝟎𝟗 के बीच बिहार को विकास कार्यों के लिए 𝟏 लाख 𝟒𝟒 हज़ार करोड़ की धनराशि एवं परियोजनाएं दी। कोसी विभीषिका के समय हमारे निवेदन पर तुरंत बिहार चले आए तथा हजारों करोड़ की आर्थिक सहायता, राहत सामग्री एवं राशि प्रदान की। उनके स्वर्गवास उपरांत 𝟐𝟎𝟎𝟒 से 𝟐𝟎𝟏𝟒 के स्वर्णिम दशक में उनकी छाप व उनकी सफलता एक रिकॉर्ड के रूप में स्वतः ही इतिहास में ओर अधिक जोर-शोर से प्रचारित होगी। उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। इस कठिन समय में उनके परिवार, प्रियजनों व प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक शोक संवेदना। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
मनमोहन सिंह जी का निधन अपूरणीय क्षति – मंगल पांडे
पूर्व पीएम के निधन पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने दुख प्रकट करते हुए मंगल पांडे ने एक्स पर लिखा कि पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह का निधन आपूरणीय क्षति है, ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर भाजपा नेता सम्राट चौधरी, प्रेम कुमार, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत अन्य नेताओं ने गहरा दुख प्रकट की है।