खगड़िया : बिहार में अपराध का ग्राफ कम होता नहीं दिख रहा है। अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच बिहार के भागलपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई है। मृतक खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड के बंदेहरा पंचायत की मुखिया खुशबू कुमारी के पति राजेश रमण उर्फ पप्पू भगत व दूसरे मृतक की पहचान रतन कुमार साह के रूप में हुई है, जो मुंगेर के जानकीनगर का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की यह वारदात भागलपुर के इशाकचक थानाक्षेत्र के भिखनपुर त्रिमूर्ति चौक पर हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पप्पू भगत मटन खरीदने के लिए बाजार आया था। दुकान से बाहर निकलकर बाइक पर बैठते ही बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।
पूर्व मुखिया पप्पू भगत के घर पर 2009 में भी बमबाजी हुई थी जिसमें उसकी मां और बहन की मौत हो गई थी। पूर्व मुखिया पप्पू भगत पर 28 नवंबर को भी उसके दरवाजे पर ही हमला हुआ था। इसमें गोली उसकी बांह पर लगी थी। उस घटना के बाद से पप्पू भगत भागलपुर में रह रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस घटना को गैंगवार की वारदात के एंगल से भी देख रही, पुलिस दूसरे मृतक मुंगेर निवासी रतन कुमार साह की कुंडली खंगाल रही है। बहरहाल सरेआम दो मर्डर की घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।